इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
उत्तर प्रदेश। बदायूं में दो बच्चों आयुष (13) और अहान (6) की हत्या के आरोपी साजिद की पत्नी सना का बयान सामने आया है। उसका कहना है कि वह 15 दिन से मायके में रह रही है। उसे घटना की जानकारी तक नहीं थी।
सना ने कहा कि पता नहीं साजिद ने ऐसा क्यों किया। उसने गर्भवती होने की बात से भी इनकार किया। वहीं साजिद की मां नाजरीन ने भी बताया कि साजिद की पत्नी के दो बेटे हुए, दोनों की मौत हो गई थी। अब उसके कोई संतान नहीं है। उसकी पत्नी गर्भवती भी नहीं है। इससे डबल मर्डर में नया मोड़ आ गया है।
मृतक बच्चों के पिता विनोद ठाकुर की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया गया कि मंगलवार शाम को साजिद और उसका भाई जावेद उनके घर आया था। साजिद ने विनोद की पत्नी संगीता से पांच हजार रुपये मांगे। उसने बताया कि पत्नी की डिलीवरी के लिए रुपयों की जरूरत बताई। इसके बाद वह आयुष और अहान को लेकर छत पर गया, जहां चाकू से गला रेतकर दोनों की हत्या कर दी। देर रात पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साजिद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। उसका भाई जावेद अभी फरार है। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकती है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
आरोपी साजिद अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा सखानू का रहने वाला था। उसकी दुकान ठेकेदार विनोद ठाकुर के घर के सामने सड़क के दूसरी ओर है। वह करीब दो साल से बाबा कॉलोनी में अपनी बाल काटने की दुकान चला रहा था। उसकी ससुराल बिनावर थाने के ददमई में है। उसकी पत्नी सना वहीं रह रही है। घटना के बारे में जब सना से पूछा गया, उसने जानकारी होने से भी इनकार किया। उसने और उसके मायके वालों ने कहा कि वह गर्भवती भी नहीं है।
मठभेड़ में साजिद को लगी थीं तीन गोलियां
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए साजिद के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया गया। मुठभेड़ में साजिद को तीन गोलियां लगी थी। दो गोली उसके सीने में लगी हैं और एक गोली उसके पेट में साइड में लगी है।
मुख्य हत्यारोपी साजिद के पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस पीएससी मौजूद रही। उसके शव को पुलिस की सुरक्षा में ही गांव सखानू ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सखानू के कब्रिस्तान में उसकी कब्र खोद दी गई है। वहीं उसके शव को दफन किया गया।