इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
जेठ का महीना पूरे उत्तर प्रदेश को तपाए हुए है। सोमवार को पश्चिमी यूपी व बुंदेलखंड में प्रचंड ग्रीष्म लहर का प्रकोप बना रहा। प्रदेश में तीन स्थानों पर दिन का तापमान क्रमश-48-48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह हैं- आगरा, झांसी, और कानपुर। मथुरा-वृंदावन में पारा 47, बागपत में 46, चित्रकूट, इटावा में 45, गाजियाबाद व सुल्तानपुर में 46-46, प्रयागराज-45 डिग्री सेल्सियस तापमान तापमान दर्ज हुआ। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। पूर्वी यूपी में आंधी-बारिश के आसार हैं। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 28 मई को पूरे उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर का प्रकोप बना रहेगा, लू से जनजीवन बेहाल रहेगा। 29 मई को भी राज्य में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। 30 मई से ग्रीष्म लहर में कुछ कमी आएगी। 31 मई से 2 जून के दरम्यान पश्चिमी यूपी में ग्रीष्म लहर का प्रकोप बना रहेगा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश के आसार हैं।
कई इलाकों में प्रचंड ग्रीष्म लहर का रेड अलर्ट
मंगलवार 28 मई के लिए गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरय्या, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में प्रचंड ग्रीष्म लहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कौशांबी समेत 16 जिलों में यलो अलर्ट
कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संतरविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, एटा, मैनपुरी, हमीरपुर, महोबा में मंगलवार को गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है यानि इन स्थानों पर कहीं-कहीं प्रचंड ग्रीष्म लहर का प्रकोप रह सकता है। इसके अलावा कई स्थानों पर मंगलवार को रात का तापमान भी बढ़ा हुआ रहेगा।
नौतपा में तप रहा रुहेलखंड, पारा 43 डिग्री पहुंचने को बेताब
शाहजहांपुर। यूपी का रूहेलखंड इन दिनों नौतपा में में खूब तप रहा है। दिन में बेइंतहा गर्मी है ही, रात मेंं भी पारा बढ़ा हुआ है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच रहा है, न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री क्रास करने को आतुर है। हालात इतने ही नहीं रहने वाले हैं, मौसम विभाग का कहना है कि मई भर तब भी गनीमत है, जून के पहले पखवाड़े की गर्मी बर्दाश्त करना मुश्किल हो सकती है, जून के शुरूआती पंद्रह दिन गर्मी से लिहाज से बेहद संजीदा हैं।
शाहजहांपुर स्थित उत्तर प्रदेश गन्ना शोध संस्थान के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर में नौतपा के तीसरे दिन सोमवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री था और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री था। रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान 1 और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
बताया कि मंगलवार काे दिन और रात के तापमान में बढ़़ोतरी की संभावना है। बताया कि इस दौरान आंधी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। बताया कि सोमवार को ही कई बार आंधी का बूम बनता हुआ लगा। डा. मनमोहन सिंह के अनुसार, 31 मई तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब बना रहेगा। बताया कि बरेली में तापमान 43 डिग्री तक भी जा सकता है।
रेमल चक्रवात का फिलहाल असर नहीं
डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि बंगाल खाड़ी तक पहुंचे रेमल चक्रवात का फिलहाल रूहेलखंड में 31 मई तक कोई असर नहीं होने की संभावना है। बताया कि रेमल पहले से कमजोर हो रहा है, इस वजह से उसका असर मध्य यूपी तक होना मुश्किल है। बताया कि 31 मई के बाद 1 से 15 जून तक भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। इन पंद्रह दिनों में तापमान 45 डिग्री क्रास कर सकता है।