इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
अंबेडकर नगरः (आशा भारती नेटवर्क) संतान की लंबी उम्र और सुखमय जीवन के लिए डाला छठ पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस महापर्व की शुरुआत मंगलवार को नहाय-खाय से हुई, जिसके बाद बुधवार को व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखा और शाम को छठ माता की पूजा के साथ खरना संपन्न किया।
गुरुवार शाम अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देकर संतानों की खुशहाली की कामना की गई। शुक्रवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया गया, जिससे महापर्व का समापन हुआ।
सूर्योदय से पहले ही महिलाएं तमसा नदी के तट पर पहुंचीं और पानी में उतरकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया की विशेष पूजा की और संतानों की दीर्घायु व सुखी जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।
पर्व के प्रति महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए महिलाएं और युवतियां घाट की ओर प्रस्थान करती नजर आईं। अकबरपुर नगर के तमसा नदी घाट, गायत्री मंदिर के पास पुरानी तहसील तिराहा और पंडाटोला स्थित शिवाला घाट पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई, जहां पर श्रद्धालुओं ने इस पावन छठ पर्व की पूजा अर्चन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।