इस न्यूज को सुनें
|
सुल्तानपुर। (आशा भारती नेटवर्क) महाकुंभ स्थान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ शुक्रवार को भी अयोध्या की तरफ रही। रूट डायवर्जन से अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर जाम थोड़ी राहत मिली, वहीं अन्य मार्गों पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवै पर स्थित जरईकला टोल प्लाजा के पास लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी भीषण जाम लगा। यहां पर बृहस्पतिवार रात 11 बजे से वाहनों को रोक दिया गया। जिससे अमेठी जिले के बाजारशुकुल के सत्थिन गांव तक करीब 18 किमी लंबा जाम लगा। जाम में ओडिशा, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान व गुजरात सहित अन्य से आए श्रद्धालु सड़क पर पूरी रात गुजारी।
शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं की टोली कर्मियों और पुलिस से कहासुनी हुई। इसके बाद पुलिस ने कुछ वाहनों को आगे बढ़ाया। लेकिन कुछ वाहन ही निकल सके थे कि पुलिस ने फिर आवागमन रोक दिया। इस दौरान बीच-बीच में श्रद्धालुओं की पुलिस से नोकझोंक भी होती रही। ओडिशा के वीरोत्तम प्रसाद रेड्डी ने बताया कि 50 श्रद्धालुओं का जत्था 10 दिन पहले चला था। कल ही उन्हें अयोध्या पहुंचना था, लेकिन जाम में फंस गए। श्रद्धालुओं से कहासुनी के बाद पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे रास्ता खोला, तब कहीं जाकर 14 घंटे बाद जाम से राहत मिली।
दो घंटे के लिए वाहन रोका तो तीन किमी तक लगा जाम
हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर कूरेभार तिराहे के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से दो घंटे तक अयोध्या जाने वाले वाहनों रोका गया। इससे करीब तीन किमी लंबा जाम लगा। 12 बजे वाहनों को आगे बढ़ाया गया। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को टाटियानगर, कटका बाजार, कूरेभार कस्बे में दोपहर 12 बजे करीब एक घंटे के लिए जाम लगा। अयोध्या से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को रोका गया। करीब एक बजे वाहनों को आगे जाने दिया गया। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह और अयोध्या के एएसपी (ग्रामीण क्षेत्र) बलवंत कुमार चौधरी ने कूरेभार चौराहे पर पहुंचकर जाम का जायजा लिया। कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने दोमुहा से अयोध्या बाईपास संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार रात आवागमन रोक दिया। यहां से सीधे बाईपास के रास्ते अयोध्या जाने वाले वाहनों को रवाना किया गया। कोतवाली देहात थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रात से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर वाहनों को लोहरामऊ से बाईपास के रास्ते से भेजा जा रहा है।