|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|

अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) महरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम मंशापुर स्थित प्रसिद्ध बाबा डम्मरदास कुटी की भूमि को लेकर विवाद गहराने लगा है। कुटी के महंथ सुखराम दास ने अपने ही गांव के निवासी और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अविनाश सिंह पर कुटी की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महंथ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंशापुर स्थित बाबा डम्मरदास कुटी लंबे समय से धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। यहां के महंथ सुखराम दास, चेला स्वर्गीय महंथ रामनाथ दास हैं, जो कुटी की चल-अचल संपत्ति के संरक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
महंथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को वे जनपद बस्ती स्थित बाबा निहालदास कुटी, ऊजी शाखा में गए हुए थे। इस दौरान गांव में विपक्षी अविनाश सिंह पुत्र मंगला सिंह ने कुटी की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया।
महंथ के चेला गीतम तिवारी पुत्र जय दयाल तिवारी निवासी ऊजी, थाना दुबौलिया (बस्ती) ने जब कब्जा रोकने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया।
महंथ सुखराम दास ने बताया कि 28 अक्टूबर को आरोपित अविनाश सिंह ने अपने मोबाइल फोन से गीतम तिवारी और उन्हें कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि धमकी से जुड़ा ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
महंथ सुखराम दास के अनुसार 31 अक्टूबर को वापस लौटे और घटना की पूरी जानकारी देते हुए थाना महरुआ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अविनाश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना महरुआ प्रभारी ने बताया कि प्रकरण में जांच जारी है। “मुकदमा दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वायरल ऑडियो क्लिप की भी जांच की जा रही है। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा तेज है। बाबा डम्मरदास कुटी लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रही है। इस कुटी से कई शाखाएं बस्ती और अयोध्या जिलों में संचालित होती हैं।






