मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन हेतु जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
धान क्रय केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
वर्षा के कारण फसल प्रभावित किसानों को 24 घंटे में राहत देने के आदेश
अंबेडकर नगर 03 नवंबर 2025। माननीय मुख्यमंत्री जी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला खनन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर माननीय मुख्यमंत्री जी की अपेक्षा के अनुरूप कार्यों को सुनिश्चित करने केनिर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी महोदय ने आगामी 5 नवंबर 2025 को पूर्वाह्न में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दृष्टिगत सभी तहसीलों में छठ पर्व की भांति समस्त घाटों पर साफ–सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था सहित घाटों पर फिसलने से बचाव हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु समस्त उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों, अधिशाषी अधिकारियों को अपने–अपने क्षेत्र से संबंधित सभी घाटों का भौतिक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित घाटों पर भी सफाई व्यवस्था एवं फ़िशलन से बचाव संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने हेतु संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने श्रवण क्षेत्र धाम में देव दीपावली की तैयारियों के संबंध में उप जिलाधिकारी अकबरपुर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए, साथ ही खंड विकास अधिकारी कटेहरी को श्रवण क्षेत्र धाम में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियो को अपने-अपने तहसील के अंतर्गत स्थित सभी धान क्रय केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर वहां पर धान क्रय से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को क्रॉस चेक करने के निर्देश दिए। इस वित्तीय वर्ष हेतु जनपद को धान क्रय के निर्धारित लक्ष्य 1,58,000 मीट्रिकटन को जनपद में संचालित सभी 100 केंद्रों में बांटने हुए धान क्रय के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को तहसीलों में धान क्रय के लंबित सत्यापन के प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री के अभियान में कल से और तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को फसलों के नुकसान की लेखपालों से रिपोर्ट प्राप्त कर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और माननीय मुख्यमंत्री जी के मंशानुसार 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राशि उपलब्ध कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने मा. मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार अवैध खनन पर कड़ी निगरानी रखने हेतु सभी संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार स्पेशल टास्क फोर्स बनाए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।





