
अम्बेडकर नगर 09 जून 2026।(आशा भारती नेटवर्क) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा के द्वितीय दिवस जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों यथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर, सर्वोदय इंटर कॉलेज कोटवा मोहम्मदपुर, जी.के. जेटली इंटर कॉलेज शहजादपुर अकबरपुर सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा परीक्षा संचालन संबंधी समस्त व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासन के मंशानुसार परीक्षा की विश्वसनीयता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराएं। सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











