
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) टांडा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब बारात पूरी रस्मों के साथ दुल्हन के घर पहुंची और सभी कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहे थे। इसी दौरान दुल्हन का कथित प्रेमी अपने दो साथियों के साथ दूल्हे के पास पहुंचा और उसके मोबाइल फोन पर दुल्हन से जुड़ा कथित आपत्तिजनक वीडियो दिखा दिया।
वीडियो देखने के बाद दूल्हा आक्रोशित हो गया और उसने शादी करने से इनकार करते हुए पूरी बारात वापस ले जाने का फैसला कर लिया। बारात लौटने से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
बताया जा रहा है कि इस घटना से आहत दुल्हन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उसका उपचार कर उसकी जान बचा ली।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने अश्लील वीडियो दिखाने के आरोप में तीन युवकों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 










