इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
आशा भारती नेटवर्क
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के गौसपुर में लगभग पौने दो करोड़ रुपये की लागत से पहली कान्हा गोशाला का निर्माण होगा। शासन से धनराशि भी उपलब्ध हो गई है। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके निर्माण से क्षेत्र के किसानों की फसल को नुकसान होने से राहत मिलेगी।
गोवंशीय पशुओं को आश्रय देने के लिए गोशाला आश्रय स्थल स्थापना के क्रम में नगर पालिका परिषद क्षेत्र अकबरपुर का भी नाम जुड़ गया है। नगर पालिका क्षेत्र के गौसपुर में पहली कान्हा गोशाला स्थापित होगी। बीते दिनों ही इसके निर्माण के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। एक करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से निर्माण को शासन ने मंजूरी प्रदान करते हुए आवश्यक राशि भी उपलब्ध करा दी है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। मालूम हो कि अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के मिर्जापुर में किराए की भूमि पर अस्थाई गौशाला स्थापित है। यहां लगभग पांच सौ गोवंशीय पशु हैं। इस बीच लंबे समय से स्थायी और बड़ी कान्हा गोशाला निर्माण की मांग की की जा रही थी, जो अब पूरी होती दिख रही है।
गौसपुर में कान्हा गोशाला निर्माण होने से एक तरफ जहां मार्ग हादसों में कमी आएगी तो वहीं किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। दरअसल कभी कभी अचानक सड़क पर गोवंशीय पशुओं के जाने से मार्ग हादसे हो जाते हैं। गोशाला निर्माण से छुट्टा पशुओं को वहां भेज दिया जाएगा। खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान से बचाया जा सकता है। अकबरपुर के किसान राजेश्वर व मदनलाल ने कहा कि कान्हा गोशाला की स्थापना से ज्यादा से ज्यादा गोवंशीय पशु को रखा जा सकेगा। इससे खेतों में छुट्टा जानवर नहीं पहुंचेंगे जिससे किसानों की मुश्किलें कुछ हद तक दूर हो जाएंगी।
गौसपुर में कान्हा गौशाला का निर्माण होना है। शासन से धन उपलब्ध हो गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के साथ शीघ्र ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएंगा। – बीना सिंह, अधिशासी अधिकारी