| इस न्यूज को सुनें 
                          Getting your Trinity Audio player ready...
                       | 
जयप्रकाश गुप्ता ब्यूरो चीफ/अयोध्या। रामनगरी के नाविक न सिर्फ पर्यटकों को नौका भ्रमण कराएंगे बल्कि श्रीराम से जुड़ी कहानियां भी सुनाएंगे। इसके लिए नाविकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह पहल पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की गई है। अयोध्या के 50 से अधिक नाविकों को प्रशिक्षित कर उन्हें अयोध्या के इतिहास, संस्कृति, लोक कथाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए छह तीर्थ स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें अयोध्या भी शामिल है। पहले चरण में प्रयागराज में नाविकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
अयोध्या के नाविक अब स्टोरी टेलर भी कहलाएंगे। ये नाविक पर्यटकों व श्रद्धालुओं को अयोध्या से जुड़ी कहानियां रोचक अंदाज में सुनाएंगे। पर्यटकों को यह विशेष अनुभव देने के लिए पर्यटन विभाग ने तैयारी कर ली है। कहानी सुनाने का प्रशिक्षण देने के लिए पर्यटन विभाग ने मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान (एमकेआइटीएम) व बेवजह समिति नामक संस्था के साथ समझौता किया है। प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा। पर्यटक व श्रद्धालु न सिर्फ पर्यटन का आनंद उठाएंगे बल्कि उनका ज्ञानवर्धन भी होगा।
 
                                                                     
 
							




