|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|

- सौम्या, मुस्कान और आराध्या ने मंडल स्तर पर दिखाया दम, बाराबंकी में दिखाएंगी प्रतिभा का जलवा
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) जिले की खेल प्रतिभाएं लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। इसी क्रम में जनपद की तीन होनहार हैंडबॉल खिलाड़ियों ने मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। इन तीन खिलाड़ियों का चयन बाराबंकी में 3 अगस्त तक होने वाली समन्वय राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
चयनित बालिकाओं में सौम्या, मुस्कान और आराध्या शामिल हैं। ये तीनों खिलाड़ी जिले के स्टेडियम में हैंडबॉल का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्हें कोच शिल्पी गौतम द्वारा तकनीकी और शारीरिक दोनों ही स्तरों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनके चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
मेहनत और प्रतिबद्धता से हासिल किया मुकाम
हैंडबॉल एक ऐसा खेल है जिसमें टीम भावना, फुर्ती और सटीक रणनीति की ज़रूरत होती है। सौम्या, मुस्कान और आराध्या ने अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर मंडल स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया।
कोच शिल्पी गौतम का कहना है कि ये तीनों बालिकाएं बेहद समर्पित हैं और प्रतिदिन कठिन अभ्यास करती हैं। तकनीकी कौशल के साथ-साथ इनका फिटनेस लेवल भी उच्च दर्जे का है, जो कि राज्य स्तर की चुनौतियों के लिए बेहद आवश्यक है।
जिला खेल अधिकारी शीला भट्टाचार्य ने बधाई दिया है और कहा कि जिले में हैंडबॉल को मिल रही नई पहचान। पिछले कुछ वर्षों में अंबेडकरनगर में हैंडबॉल खेल को लेकर युवाओं का रुझान बढ़ा है। इसका श्रेय स्थानीय कोच, संघ और खेल विभाग की संयुक्त पहल को जाता है। स्टेडियम में लगातार हो रहे प्रशिक्षण शिविरों और प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दिखाने का अवसर मिल रहा है।






