इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
- टैबलेट से शिक्षा होगी स्मार्ट, शिक्षक-छात्र दोनों होंगे लाभान्वित
- डिजिटल मॉड्यूल से पारदर्शिता और जवाबदेही में आएगा सुधार
(आशा भारती नेटवर्क)
महेश चंद्र गुप्ता/अंबेडकर नगर। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला द्वारा जनपद के 29 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि टैबलेट का उपयोग केवल शैक्षणिक एवं विभागीय कार्यों के लिए किया जाएगा। इनका प्रयोग विद्यालयी शिक्षा से इतर गैर-शैक्षणिक कार्यों हेतु नहीं किया जाएगा। टैबलेट के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग सॉफ्टवेयर जैसे यूट्यूब लाइव, जूम सेशन एवं वेबिनार के जरिए दूरस्थ शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, आईआईटी गांधीनगर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा आयोजित ऑनलाइन सत्रों से शिक्षकों की क्षमता वृद्धि होगी और छात्र-छात्राओं का ज्ञान भी समृद्ध होगा।
राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार टैबलेट के माध्यम से छात्र-छात्राओं का समय-समय पर आकलन किया जाएगा तथा दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त टैबलेट के माध्यम से समीक्षा मॉड्यूल, एएनडीसी गतिविधियां मॉड्यूल, मध्याह्न भोजन मॉड्यूल, मानव संपदा पोर्टल एवं उपस्थिति मॉड्यूल, डीबीटी मॉड्यूल तथा पंजिकाओं के डिजिटाइजेशन जैसे कार्य संचालित होंगे। विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप एवं टैबलेट पर भेजे जाने वाले कंटेंट (वीडियो, पीडीएफ, संदेश आदि) का नियमित अवलोकन एवं अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी सहित संबंधित प्रधानाचार्य एवं कार्मिक उपस्थित रहे।