इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
अयोध्या। (आशा भारती नेटवर्क) सोमवार 15 सितंबर 2025 को एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने थाना पूराकलंदर के थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानाध्यक्ष पर अपने कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने और कई मामलों में आरोपियों के खिलाफ सही कार्रवाई नहीं करने के आरोप हैं।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस थाने में दर्ज कई प्रकरणों को लेकर उच्चाधिकारियों तक शिकायतें पहुंची थीं। पीड़ितों ने आरोप लगाया था कि उनके मामलों को सही तरीके से दर्ज नहीं किया जा रहा है और न ही निष्पक्ष विवेचना हो रही है। कुछ मामलों में तो आरोपियों को बचाने और लीपापोती करने तक की बातें सामने आईं, जिसके बाद जांच बैठाई गई।
जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष की कार्यशैली को संदिग्ध पाया गया।
रिपोर्ट में सामने आया कि वह दबाव और प्रभाव में आकर कार्यवाही से बच रहे थे, जिससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा था। इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए एसएसपी ने निलंबन का आदेश जारी किया।
एसएचओ के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद जिलेभर के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई सही समय पर हुई है और इससे उन लोगों को राहत मिली है, जिन्हें अपने मामलों में न्याय नहीं मिल पा रहा था।
एसएसपी का संदेश
इस संबंध में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने एक स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा, “पुलिस विभाग में कार्य के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना होगा। यदि कोई भी अधिकारी अपने कर्तव्य में कोताही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।”