इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
अंबेडकर नगर, 15 सितम्बर 2025। (आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में *“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान”* की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दिनांक 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2025 तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान का आयोजन किया जाएगा, जिसका समापन गांधी जयंती के अवसर पर होगा। यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मनाए जा रहे पोषण माह के साथ समन्वित रूप से संचालित किया जाएगा तथा इसका राष्ट्रीय शुभारम्भ माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा मध्य प्रदेश से किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य
इस अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है, विशेषकर वे महिलाएँ और बच्चे जो अब तक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह गए हैं।
प्रमुख गतिविधियाँ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत योजनाबद्ध तरीके से चिकित्सा इकाइयों पर निम्न गतिविधियाँ प्रस्तावित हैं –
महिलाओं में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की गहन जाँच।
संवेदनशील महिलाओं की क्षय रोग (टीबी) जाँच तथा निःश्चय मित्र योजना में नामांकन।
किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया की स्क्रीनिंग।
गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जाँच (ANC), हीमोग्लोबिन परीक्षण एवं पोषण संबंधी परामर्श।
मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (MCP) कार्ड का वितरण।
बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं हेतु निःशुल्क टीकाकरण सेवाएँ।
मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य पर जन-जागरूकता कार्यक्रम।
तेल एवं चीनी का उपयोग कम करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान।
स्वयं सहायता समूहों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से पोषण संवर्धन गतिविधियाँ (पोषण आहार, अन्नप्राशन, आहार संबंधी परामर्श)।
रक्तदान शिविरों का आयोजन।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत लाभार्थियों का पंजीकरण, PM-JAY ई-कार्ड तथा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA) कार्ड का वितरण।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि – अभियान का संचालन शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप किया जाए। जनपद स्तर पर सभी चिकित्सा इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी तक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने हेतु किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों की सघन मॉनिटरिंग किए जाने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दिनांक 17 सितंबर 2025 को मुख्य अतिथि माननीय प्रभारी मंत्री जी जनपद अंबेडकर नगर द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज सदरपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप जिलाधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।