|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|


अंबेडकर नगर,27 अक्टूबर 2025। (आशा भारती नेटवर्क) शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में मिशन शक्ति पेज 5.0 के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नगर पालिका परिषद टांडा, राजकीय बालिका हाई स्कूल बसिया, राजकीय हाई स्कूल कहरासलेमपुर, राजकीय बालिका हाई स्कूल फरीदपुर कुतुब टांडा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तेंदुआ कला तथा विवेकानंद इंटर कॉलेज विद्युत नगर टांडा आदि विद्यालयों में कार्यक्रम संपन्न हुए। छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 102 (गर्भवती महिला एंबुलेंस सेवा), 108 (आपातकालीन एंबुलेंस सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ‘गुड टच-बैड टच’ विषय पर चर्चा की गई तथा महिला शिक्षकों द्वारा मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए छात्राओं को आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया गया।





