|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|

अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) शासन के मंशानुसार जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में “लैंगिक समानता” विषय पर छात्राओं द्वारा नाट्य मंचन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने समाज में महिलाओं की समान भागीदारी और सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग सभी विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख रूप से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कुर्की बाजार, राजकीय बालिका हाई स्कूल बडेपुर, राजकीय बालिका हाई स्कूल फरीदपुर कुतुब टांडा, राजकीय बालिका हाई स्कूल बसिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी, जनता इंटर कॉलेज उतरेथू, रामलाल रामफेर इंटर कॉलेज सेवागंज, रामलाल परमात्मा प्रसाद इंटर कॉलेज पतौना तथा राजकीय हाई स्कूल पहितीपुर सहित अनेक विद्यालयों की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और “पढ़े बेटियां, बढ़े बेटियां” जैसे नारों के माध्यम से समाज में बेटियों के महत्व और उनके करियर निर्माण पर जोर दिया। विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने वाली महिलाओं से प्रेरित होकर छात्राओं ने अपने विचार साझा किए और नाट्य प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया कि अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया, वहीं प्रधानाचार्यों ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास, समान पोषण और बेहतर पठन-पाठन की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। इस अवसर पर छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 102 (गर्भवती महिला एंबुलेंस सेवा), 108 (आपातकालीन एंबुलेंस सेवा), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) — की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।





