|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|

अंबेडकर नगर 22 दिसंबर 2025। (आशा भारती नेटवर्क) भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निदेशक एवं नीति आयोग, भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (सीपीओ) श्री विकास सिंह द्वारा जनपद अम्बेडकरनगर भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन आज आकांक्षात्मक विकासखंड भीटी एवं भियांव के सभागारों में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, जिला विकास अधिकारी एवं संबंधित उपजिलाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आकांक्षात्मक विकासखंड भीटी एवं भियांव में अब तक किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका, बुनियादी ढांचे एवं सामाजिक विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति, शेष आवश्यकताओं तथा केंद्र सरकार के साथ आवश्यक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तीव्र एवं सतत विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों तथा केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग से केंद्रीय प्रभारी अधिकारी को अवगत कराया गया, जिससे विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जा सके।
विकासखंड भीटी में बैठक के उपरांत केंद्रीय प्रभारी अधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय अढ़नपुर का भ्रमण कर शैक्षणिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने दृष्टि आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह एवं गायत्री आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों से उनके उत्पाद “जैविक गुड़” के उत्पादन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन के संबंध में संवाद किया तथा खंड विकास अधिकारी को उत्पादों के विपणन हेतु बाजार उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम एवं बच्चों का अन्नप्राशन भी संपन्न कराया गया। तदोपरांत ग्राम सभा अढ़नपुर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित बैंकेट हॉल का निरीक्षण कर उसके संचालन एवं आय की जानकारी प्राप्त की गई।


इसके उपरांत जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत में स्थापित शिरोपरि जलाशय एवं पंप हाउस का निरीक्षण कर जलापूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान शिकायत पंजिका, जलापूर्ति रोस्टर एवं संचालन व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। तदोपरांत केंद्रीय प्रभारी अधिकारी द्वारा आकांक्षात्मक विकासखंड भियांव का भ्रमण कर वहां किए जा रहे विकास कार्यों एवं संभावनाओं की जानकारी ली गई। विकासखंड परिसर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी इस पहल की सराहना की गई।
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी द्वारा जनपद में आकांक्षात्मक विकासखंडों में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।




