
चैत नवरात्र और विशेष कार्यक्रमों के चलते लिया गया फैसला,
रूट डायवर्जन 19 मार्च शाम तक रहेगा प्रभावी
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) चैत नवरात्र के शुभारंभ के अवसर पर अयोध्या में बड़े स्तर पर कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य विशिष्ट लोगों की मौजूदगी तय है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
18 मार्च की रात 11 बजे से अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 19 मार्च की शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान ट्रक, ट्रैक्टर, डीसीएम जैसे बड़े वाहनों का प्रवेश सीमित रहेगा। रूट डायवर्जन संबंधी जानकारी देते हुए जिले के यातायात प्रभारी उप निरीक्षक जय बहादुर यादव ने बताया कि संतकबीरनगर और बस्ती से आने वाले भारी वाहनों को घनघटा, बिड़हर घाट और रामनगर से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ये वाहन न्यौरी-जलालपुर होते हुए मालीपुर-सुरहुरपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। गोरखपुर से अयोध्या जाने वाले वाहनों के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का उपयोग तय किया गया है। यहां से वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए आगे बढ़ेंगे।
आजमगढ़ और बसखारी क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को न्यौतरिया बाईपास से मोड़कर अकबरपुर के गौहन्ना चौराहे से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। अलीगंज थाना क्षेत्र के सम्हरिया चौराहा से सेवागंज बैरियर के रास्ते अयोध्या जाने वाले बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अहिरौली के यादवनगर तिराहा से भारी वाहनों को डायवर्ट कर महरुआ होते हुए टांडा-रायबरेली मार्ग पर भेजा जाएगा।
भीटी क्षेत्र में चनहा चौराहा से वाहनों को भीटी बाजार के रास्ते सुलतानपुर रोड की ओर मोड़ा जाएगा।
प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक जयबहादुर यादव के अनुसार अकबरपुर शहर में भी डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों को तहसील तिराहा से शहजादपुर और गौहन्ना बाईपास के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा मालीपुर, जलालपुर रोड बाईपास, बसखारी रोड के न्यौतरिया बाईपास, टांडा रोड के कटरिया याकूबपुर बाईपास, पहितीपुर श्रवण क्षेत्र मोड़, दोस्तपुर रोड के गौहन्ना चौराहा बाईपास और अन्नावां तिराहा से भी वाहनों का रूट बदला गया है।










