इस न्यूज को सुनें
|
अधिकारियों ने जिला कारागार की व्यवस्था पर संतोष जताया, कारागार प्रशासन की प्रशंसा की
अंबेडकरनगर। (आशा भारती नेटवर्क) न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने जिला कारागार(मरैला) का औचक त्रैमासिक निरीक्षण किया। पुलिस बल का नेतृत्व सीओ सिटी सुरेश कुमार मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर कोतवाली संजय कुमार पांडेय कर रहे थे। जिला जज पद्म नारायण मिश्र, सीजेएम प्रियंका सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने लाव लश्कर के साथ बुधवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। सबकुछ संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान इन अधिकारियों ने कारागार के अहातों, बैरकों व महिला कारागार की सघन तलाश ली। इन अधिकारियों द्वारा जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों एवं महिला बंदियों से उनके खान-पान, बिस्तर, चिकित्सा व्यवस्था, मुलाकात, पीसीओ से वार्ता तथा साफ-सफाई के विषय में जानकारी ली गई। बंदियों ने किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं की।
इस पर सभी न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। औचक निरीक्षण के दौरान इन अधिकारियों ने जनपद कारागार स्थित अस्पताल का भ्रमण कर वहां भर्ती बंदियों से मिलकर हाल-चाल जाना और उनके उपचार और दवाओं को समय से मिलने के बाबत जानकारी प्राप्त की। किसी भी बंदी द्वारा किसी प्रकार की शिकायत नहीं की गई।
निरीक्षणकर्ता अधिकारियों ने जिला कारागार के संपूर्ण परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं भोजन की गुणवत्ता तथा शांतिपूर्ण माहौल देख कर जिला कारागार प्रशासन की प्रशंसा की। कौशल विकास के अंतर्गत महिला कारागार में महिला बंदियों द्वारा चलने वाले सिलाई व कढ़ाई का प्रशिक्षण देखकर अधिकारियों ने बंदिनियों को रचनात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इन अधिकारियों ने हमेशा अपना सहयोग प्रदान करने के लिए आश्वस्त भी किया।
औचक त्रैमासिक निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक/अपर जिलाधिकारी डॉ सदानंद गुप्ता, वरिष्ठ कारापाल गिरिजाशंकर यादव, जिला कारागार अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, उप कारापाल(डिप्टी जेलर) छोटेलाल सरोज, अस्पताल के फार्मासिस्ट अशोक कुमार पांडेय, कनिष्ठ सहायक बिपिन कुमार व अनूप कुमार गौड़ सहित समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।