इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) बृहस्पतिवार को हुई जमकर बारिश के बाद शुक्रवार को जिलेवासियों को मौसम से राहत की उम्मीद थी, लेकिन मौसम का मिजाज एकदम पलट गया। शुक्रवार को आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप ने गर्मी के असर को और अधिक बढ़ा दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तापमान में वृद्धि हुई और दोपहर तक तेज धूप और चिपचिपी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया।
दोपहर के समय कार्यालयों से लौटते कर्मचारी, स्कूलों से घर लौटते छात्र-छात्राएं तथा बाजारों में निकले आम लोग उमस से परेशान नजर आए।बृहस्पतिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी थी, लेकिन शुक्रवार को सूरज के निकलते ही स्थितियां पूरी तरह बदल गईं।
लोगों को उम्मीद थी कि एक दिन की बारिश के बाद मौसम कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा, मगर शुक्रवार को धूप और नमी के मेल ने मौसम को और अधिक असहज बना दिया। तेज धूप और उमस का असर बाजारों पर भी साफ देखने को मिला। आम दिनों की तुलना में दोपहर के समय दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम रही। लोग जरूरी कामों के अलावा बाहर निकलने से बचते नजर आए। वहीं कई स्थानों पर रिक्शा व ई-रिक्शा चालकों को भी यात्रियों के इंतजार में खड़ा देखा गया।
बारिश के बाद जैसी राहत की कल्पना की जाती है, वैसा शुक्रवार को कुछ भी महसूस नहीं हुआ। पहितीपुर निवासी राजन गुप्ता ने कहा कि कल की बारिश से लगा था अब कुछ दिन राहत मिलेगी, मगर आज की धूप और उमस ने उससे भी अधिक परेशानी में डाल दिया। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।साथ ही वातावरण में 70 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई, जिससे उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।