|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
- खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण व चार कांस्य पदक पर किया कब्जा
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) लखनऊ में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंबेडकरनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात पदक अपने नाम किए। इनमें तीन स्वर्ण और चार कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन हुआ है।
41वीं सब-जूनियर, 9वीं कैडेट, 42वीं सीनियर क्योरगी और 9वीं पूमसे बालक-बालिका राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 5 नवंबर से 8 नवंबर तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में अंबेडकरनगर जिले से 11 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु व भार वर्गों में भाग लिया।
अंबेडकर नगर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मंगेश कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दूसरे और तीसरे दिन बेहतरीन प्रदर्शन कर तीन स्वर्ण और चार कांस्य पदक हासिल किए। यह प्रदर्शन जिले के लिए गौरव का विषय है।
सब-जूनियर अंडर-49 किलोग्राम भार वर्ग में देवांश यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
बालिका वर्ग में 38 किलोग्राम भार वर्ग की सुहानी वर्मा ने भी विरोधियों को मात देकर स्वर्ण पदक जीता।
वहीं सीनियर वर्ग के अंडर-53 किलोग्राम भार वर्ग में आकांक्षा वर्मा ने शानदार खेल दिखाते हुए तीसरा स्वर्ण पदक अंबेडकरनगर के नाम किया।
सब-जूनियर बालिका वर्ग में शिवांशी उपाध्याय ने अंडर-25 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। आरोही शर्मा ने अंडर-41 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक प्राप्त किया। बालक वर्ग में दिव्यांश यादव ने अंडर-65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार संघर्ष के बाद कांस्य पदक हासिल किया।
इसके साथ ही सेंट जेवियर्स स्कूल अकबरपुर की छात्रा काव्या पटेल ने कैडेट अंडर-41 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली में सातवां पदक जोड़ा।
अधिकांश पदक विजेता खिलाड़ी तमसा मार्ग स्थित मन मार्शल आर्ट फाइट क्लब में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। कोच के मार्गदर्शन में इन खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और रणनीति पर मेहनत कर प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया।





