- उद्योग बंधु बैठक में योजनाओं के प्रगति की समीक्षा*
- जिलाधिकारी ने लाभार्थी को प्रदान किया डेमो चेक, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के दिए निर्देश*
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 28 अक्टूबर 2026। जनपद में औद्योगिक विकास, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, एक जनपद एक व्यंजन योजना तथा निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विभागों को आवंटित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति तथा बैंक स्तर पर लंबित ऋण आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, योजनाओं का लाभ उद्यमियों एवं युवाओं को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति तथा निवेश संबंधी आवेदनों के निस्तारण में आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत ₹50 लाख का ऋण स्वीकृत/वितरित
बैठक में जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में एक जनपद एक व्यंजन योजना के अंतर्गत बालूशाही उद्योग के लिए ₹50 लाख का ऋण वितरित किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा की अकबरपुर शाखा के माध्यम से यह ऋण प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने लाभार्थी गैली फूड्स, अकबरपुर के संचालक रिंकू उपाध्याय को डेमो चेक प्रदान किया। यह पहल जनपद के पारंपरिक व्यंजन बालूशाही को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उद्यमों को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
टांडा में नई शाखा खोलने की पहल
बैठक में गैली फूड्स, अकबरपुर के संचालक रिंकू उपाध्याय द्वारा टांडा में नई शाखा खोलने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने की जानकारी भी दी गई। इससे जनपद में खाद्य व्यवसाय के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा रोजगार सृजन की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप उद्यमियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना, निवेश को प्रोत्साहित करना तथा स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को गति देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा सहित उद्यमी बंधु, व्यापारी बंधु एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











