
“स्कूल चलो अभियान 2026–27” को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
नामांकन बढ़ाने और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
अंबेडकर नगर 23 मार्च 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में “स्कूल चलो अभियान, सत्र 2026–27” के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करने तथा शत-प्रतिशत बच्चों को विद्यालय से जोड़ने हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। 
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में अभियान से संबंधित बैनर, होर्डिंग, हैंडबिल एवं पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में जनपद स्तर पर अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाए तथा प्रचार वाहनों के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता फैलाई जाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बालवाटिकाओं के माध्यम से 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों की सूची तैयार कर उनका विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए। कक्षा 5, 8 एवं 10 उत्तीर्ण छात्रों की सूची संबंधित विद्यालयों/निकटतम विद्यालयों को उपलब्ध कराकर अगली कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर नामांकन की दैनिक प्रगति की निगरानी हेतु गूगल शीट तैयार करने तथा अभियान की समाप्ति पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने हेतु जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा सत्र 2025–26 में किए गए निपुण आकलन में निपुण घोषित किए गए विद्यालयों के शिक्षकों में से प्रत्येक विकासखंड में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का निपुण सम्मान समारोह के माध्यम से जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में निपुण असेसमेंट टेस्ट 2026 में कुल 468 विद्यालय निपुण घोषित हुए हैं जिनमें से प्रत्येक विकासखंड से उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाचार्य को आज जिलाधिकारी महोदय द्वारा सम्मानित किया गया है।











