
अंबेडकर नगर 24 मार्च 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में दिनांक 23.03.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में अपराह्न में वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय तिमाही (दिसंबर 2025) की डी.सी.सी. एवं डी.एल.आर.सी. की बैठक संपन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला, जिला विकास अधिकारी, भारतीय रिजर्व बैंक से आए एल.डी.ओ. जे.एस. कालरा, नाबार्ड के डी.डी.एम. कमलेश यादव, उपायुक्त उद्योग एच.पी. मौर्य, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, बैंकों के जिला समन्वयक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक कमलेश भास्कर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले का सी.डी. रेशियो 53.38 प्रतिशत पाया गया, जो पिछली तिमाही की तुलना में 5.2 प्रतिशत अधिक है। इस पर जिलाधिकारी ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं जैसे सी.एम. युवा, एस.एच., एमवाईएसवाई एवं नंदिनी के अंतर्गत प्रेषित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह (SHG) के अंतर्गत खाते खोलने एवं सी.सी.एल. के तहत ऋण उपलब्ध कराने हेतु लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए बैंकों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि ऐसी वस्तुओं की सूची तैयार की जाए जिनका आयात जनपद में किया जाता है, तथा उनकी इकाइयों की स्थापना के लिए प्रयास किए जाएं, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यवसाय एवं ऋण प्रवाह को बढ़ावा मिल सके।
फसल बीमा योजना के अंतर्गत दावों के प्रावधानों को सरल बनाने पर बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ प्राप्त कर सकें। जनपद में बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों को देखते हुए वित्तीय साक्षरता शिविरों का आयोजन जिला प्रशासन के समन्वय से सभी विकास खंडों में करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, जनपद में एनपीए खातों की वसूली हेतु प्रभावी योजना बनाकर तहसीलों के माध्यम से वसूली प्रपत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वसूली कार्य में तेजी लाई जा सके।
अंत में भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी एवं अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंकों से अनुरोध किया कि विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर प्रगति को संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए, जिससे जनपद की प्रगति प्रदर्शित हो सके।
बैठक के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।











