इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
522 जोडे़ जल्द एक-दूजे के बंधन में बधेंगें
अंबेडकर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जल्द ही 522 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इसके लिए 16 फरवरी से ब्लॉकों में कार्यक्रम का आयोजन होगा। मौजूदा वित्तीय वर्ष में अब तक 811 जोड़ों का विवाह हो चुका है।आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की लड़कियों के विवाह के लिए वर्ष 2017 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत हुई। इसके तहत सभी धर्म की लड़कियों का विवाह एक ही पंडाल के नीचे सुनिश्चित किया जाता है।योजना के तहत वर्ष 2022-23 में 1331 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य शासन से जिले को मिला था। इसके लिए समाज कल्याण विभाग को छह करोड़ 79 लाख 83 हजार रुपये उपलब्ध भी करा दिए।अब तक योजना के तहत 811 जोड़ों का विवाह हो चुका है जिस पर चार करोड़ 13 लाख 61 हजार रुपये खर्च हुए। ऐसे में 522 जोड़ों का विवाह होना शेष है।इन जोड़ों के विवाह के लिए विभाग के पास दो करोड़ 66 लाख 22 हजार रुपये मौजूद हैं। अब 522 जोड़ों के विवाह के लिए 16 फरवरी से ब्लॉकों में आयोजन शुरू किया जाएगा। पात्रों का चयन कर अलग-अलग तिथियों में उनका विवाह सामूहिक विवाह कार्यक्रम में होगा।
गौरतलब है कि विवाह के लिए प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च होते हैं। इसमें से 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। 10 हजार रुपये से उपहार आदि की खरीदारी की जाती है जबकि छह हजार रुपये आयोजन में खर्च होते हैं।समाज कल्याण कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। इसके तहत अब तक 2490 जोड़ों का विवाह हो चुका है। इसमें वर्ष 2017-18 में 47, 2018-19 में 448, 2019-20 में 641, 2020-21 में 224 व 2021-22 में 319 जोसों का विवाह हुआ। 2022-23 में अब तक 811 जोड़े योजना के तहत एक-दूजे के हो चुके हैं।समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन ने बताया कि लक्ष्य को पूरा करने के लिए 16 फरवरी को जलालपुर, 22 फरवरी को अकबरपुर, 24 फरवरी को भियांव, 27 फरवरी को रामनगर व बसखारी, 28 फरवरी को जहांगीरगंज, भीटी कटेहरी में सामूहिक विवाह होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।