- राजस्व वसूली 81% पूर्ण, आईजीआरएस में प्रथम स्थान पर सराहना; अतिक्रमण हटाने व लंबित प्रकरण निस्तारण के निर्देश

(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 16 फरवरी 2026।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तहसील टांडा का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों एवं अनुभागों की कार्यप्रणाली तथा शासन की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान समग्र प्रगति संतोषजनक पाई गई।

जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के क्रम में तहसील के आरके पटल, भूलेख अनुभाग, अभिलेखागार, नजारत अनुभाग, संग्रह अनुभाग, आपूर्ति अनुभाग आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की जानकारी ली गई तथा कंप्यूटर कक्ष में खतौनी की नकल, स्वामित्व योजना आदि की प्रगति की समीक्षा की गई। कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व वसूली की समीक्षा में तहसील टांडा में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 81 प्रतिशत वसूली पूर्ण एवं संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने कृषक पट्टा, मत्स्य पट्टा, अंश निर्धारण, सार्वजनिक भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा धारा 67 के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा अवशेष सभी तालाबों का नियमानुसार मत्स्य पट्टा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे राजस्व में और वृद्धि हो।
निरीक्षण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी पत्रावलियों एवं कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का अवलोकन किया गया तथा सभी आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभिलेखागार में पत्रावलियों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया।
नजारत अनुभाग के निरीक्षण में विभिन्न रजिस्टर, डेड स्टॉक रजिस्टर एवं कर्मचारियों की सर्विस बुक आदि का परीक्षण किया गया।
आईजीआरएस पोर्टल पर माह जनवरी में प्रदेश स्तर पर तहसील टांडा के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों की सराहना की तथा इसी प्रकार कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उप जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष का भी निरीक्षण कर वादों की स्थिति की जानकारी ली। तहसील परिसर में स्थित जर्जर पानी की टंकी को आगामी 10 दिनों में ध्वस्त कराने हेतु संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी टांडा एवं तहसीलदार टांडा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










