बैंक ऑफ बड़ौदा मालीपुर के पास हुई थी घटना, 24 फरवरी से जांच जारी
(आशा भारती नेटवर्क)
मालीपुर अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालीपुर बाजार में 24 फरवरी को हुई चेन स्नेचिंग की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। घटना के बाद से पीड़िता कार्रवाई की मांग कर रही है।
बताते चलें कि मालीपुर निवासी किरन यादव के अनुसार वह 24 फरवरी को मालीपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बैटरी रिक्शा से धौरुआ बाजार जाने के लिए बैठीं थीं। आरोप है कि रिक्शा में पहले से सवार कुछ महिलाओं ने डिलीवरी का झांसा देते हुए उन्हें सीट बदलने के लिए कहा। बातचीत के दौरान गले में पहनी चेन गायब कर दी गई।
पीड़िता ने बताया कि धौरुआ बाजार पहुंचने पर जब उन्होंने गले में देखा तो चेन नहीं थी। तब तक रिक्शा चालक अन्य महिलाओं को लेकर जा चुका था। घटना की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दी गई। इसके बाद थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। हालांकि घटना के पांच दिन बाद भी कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका है।











