
अंबेडकर नगर,16 मार्च 2026। (आशा भारती नेटवर्क) अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की अध्यक्षता में उप जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर/ नोडल अधिकारी जनगणना प्रशिक्षण श्री विकास यादव की उपस्थिति में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर में जनगणना–2027 से संबंधित फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम दिवस का प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रशिक्षु प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझें तथा आगे होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इसे प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि जनगणना का कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, डाटा संकलन की पद्धति, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग, प्रपत्रों के सही भराव तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जा रहा है, यह प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्र में प्रगणक (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे जनगणना–2027 की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, मास्टर ट्रेनर तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।











