महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ
अंबेडकर नगर। कटेहरी शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत तिवारीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा आराध्या के राज्य स्तरीय मीना प्रोग्राम में चयनित होने पर जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर उसे सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में आराध्या को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अधिकारियों ने कहा कि मीना प्रोग्राम बालिका शिक्षा, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है, जिसमें आराध्या का चयन उसकी प्रतिभा, मेहनत और लगन का परिणाम है।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने आराध्या को बधाई देते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को भी उससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि आराध्या की सफलता से क्षेत्र के बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होगी। मीना मंच सुगमकर्ता शिक्षिका रितु सिंह को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के सहयोग और समर्पण से ही छात्र-छात्राएं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।











