
डीएम ने अधिकारियों को मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश दिए
*महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ*
अंबेडकर नगर 26 मई 2026।(आशा भारती नेटवर्क) प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 26 मई 2026 को अपराह्न में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, समस्त उप जिला जनगणना अधिकारी/उप जिलाधिकारी, जनगणना निदेशालय से जनपद हेतु आए जिला प्रभारी, चार्ज अधिकारी/तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना-2027 का कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिनांक 26 मई 2026 से प्रत्येक प्रगणक द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र में तेजी से कार्य प्रारंभ कर दिया जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने समस्त उप जिला जनगणना अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, समस्त सुपरवाइजरों के साथ उनके प्रगणक द्वारा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा करें। साथ ही सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन प्रत्येक प्रगणक की प्रगति की समीक्षा करते हुए उच्चाधिकारियों को अद्यतन स्थिति से अवगत कराएं। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त सुपरवाइजरों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी प्रगणक को कहीं पर मकान सूचीकरण के कार्य में या एचएलओ ऐप के माध्यम से डाटा डिजिटलाइजेशन करने में समस्या आ रही हो तो जनगणना निदेशालय से जनपद हेतु आए जिला प्रभारी अतुल सिंह से संपर्क स्थापित करते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराएं।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु ने निर्देश दिए कि यदि किसी प्रगणक द्वारा कार्य शिथिलता बरती जाए, तो संबंधित सुपरवाइजर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्ट कारणों से अवगत कराएं तथा तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली पर निर्भर है। अतः सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से कार्य संपादित कराना सुनिश्चित करें।











