
विद्यालयों में प्रतियोगिताएँ, सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक और विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी
अंबेडकर नगर 20 जुलाई 2026। (आशा भारती नेटवर्क) जिला प्रशासन, अम्बेडकर नगर एवं आईआईटी मद्रास के सहयोग से संचालित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में सुरक्षित सड़क व्यवहार की भावना विकसित करना तथा सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा विषयक नुक्कड़ नाटकों का प्रभावशाली मंचन किया गया। डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, टांडा के विद्यार्थियों ने जुबेर चौराहा, टांडा, तक्षशिला एकेडमी, लोरपुर ताजन के विद्यार्थियों ने शहजादपुर फाटक तिराहा, रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन एकेडमी, जलालपुर के विद्यार्थियों ने रामलीला मैदान, जलालपुर, न्यू लाइट नर्सरी स्कूल, सिकंदरपुर के विद्यार्थियों ने लोरपुर चौराहा (सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज के समीप), ग्लोबल विजडम स्कूल, अकबरपुर के विद्यार्थियों ने शिव बाबा धाम, डालमिस एन.टी.पी.सी. स्कूल, टांडा के विद्यार्थियों ने एनटीपीसी प्लांट गेट, रजत पब्लिक स्कूल, सैदपुर के विद्यार्थियों ने सर्विस रोड, ताराबुद्द मार्ग, आर.पी.आर.एन. पब्लिक स्कूल, रामपुर सकरवारी के विद्यार्थियों ने शिवरा नाली चौराहा, दोस्तपुर रोड पर, ब्रेनसीड इंटरनेशनल स्कूल, टांडा के विद्यार्थियों ने मेडिकल कॉलेज, सैदपुर के सामने, सेंट पॉल्स स्कूल, अकबरपुर के विद्यार्थियों ने गांधी आश्रम ओवरब्रिज के नीचे, तथा डिवाइन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने पुलिस चौकी, शहजादपुर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार अपनाने का प्रभावी संदेश दिया।
इसी के साथ जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं एवं सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। डी.ए.वी. अकादमी, टांडा, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, टांडा, रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन एकेडमी, जलालपुर तथा न्यू लाइट नर्सरी स्कूल, सिकंदरपुर सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा विषय पर आकर्षक पोस्टर तैयार कर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सुरक्षित सड़क व्यवहार का संदेश दिया। वहीं शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
अभियान के अंतर्गत विगत तीन दिनों से जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान भी निरंतर संचालित किया जा रहा है। यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा नशे की अवस्था में वाहन संचालन से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और विशेष प्रवर्तन से सड़क सुरक्षा बनी जनआंदोलन, 21 जुलाई को होगा समापन समारोह
आपको बता देंकि २१ जुलाई को आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के समापन समारोह के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। समापन समारोह 21 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे लोहिया भवन सभागार अकबरपुर में संपन्न होगा। समापन दिवस पर जनपद में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियाँ जारी रहेंगी। इस अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों, सड़क सुरक्षा सखियों, सड़क सुरक्षा मित्रों तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
शिक्षा, जनभागीदारी, रचनात्मक अभिव्यक्ति, जागरूकता एवं प्रभावी प्रवर्तन को एक साथ जोड़ते हुए संचालित यह अभियान अम्बेडकर नगर में सड़क सुरक्षा को एक स्थायी जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह अभियान समाज के प्रत्येक नागरिक को यह संदेश दे रहा है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और पूरे समाज के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी है।










