
अंबेडकर नगर 22 अगस्त 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज शिवबाबा धाम, अकबरपुर परिसर में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, प्रशासक/पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगर निकायों से आए 312 जोड़ों का विवाह उनकी सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप विधिवत संपन्न कराया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को नवदाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर माननीय सदस्य विधान परिषद श्री हरिओम पांडे ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शतायु एवं सुखी जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना के लिए मा. मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय पहल है।
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं सामान्य वर्ग के जरूरतमंद एवं निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप विवाह संपन्न कराना है। इससे समाज के सभी वर्गों में सर्वधर्म समभाव, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिल रहा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद अम्बेडकरनगर के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 926 विवाहों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में आज शिवबाबा धाम परिसर, अकबरपुर में जनपद के समस्त विकास खंडों एवं नगर पालिका/नगर पंचायत क्षेत्रों से चयनित एवं आज प्रस्तावित कुल 312 कन्याओं के सापेक्ष 292 कन्याओं का वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत प्रत्येक जोड़े पर कुल ₹1,00,000 की धनराशि व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसके अंतर्गत ₹21,000 की विवाह उपहार सामग्री, ₹15,000 आयोजन व्यवस्था हेतु तथा ₹64,000 की धनराशि विवाहित कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की गई है।
इस अवसर पर माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण द्वारा 05 नवदंपतियों को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसमें प्रस्तावित 04 मुस्लिम वधुओं के सापेक्ष 01 वधु का वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वर-वधुओं एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने समारोह में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों,अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।













