

- 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को किया जा रहा जागरूक*
- सुपरवाइजर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा वोट चौपालों के माध्यम से दी जा रही मतदाता पंजीकरण की जानकारी*
Vote chaupal for vishesh abhiyan
*(आशा भारती नेटवर्क)*
अंबेडकरनगर 27 नवम्बर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के अंतर्गत आगामी 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान के दृष्टिगत आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वोट चौपालों का आयोजन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशानुसार आयोजित इन वोट चौपालों के माध्यम से सुपरवाइजर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा मतदाताओं तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन कराने तथा पात्र नए मतदाताओं का नाम सूची में सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान नागरिकों को बताया जा रहा है कि आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रारूप-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान के दौरान अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा पात्र नए नागरिक अपना पंजीकरण कराएं, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।










