*प्रिंस शर्मा संवाददाता*
बसखारी,अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) प्रदेश सरकार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। बिना हेलमेट वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर पुलिस द्वारा नियमित रूप से चालान की कार्रवाई भी की जाती है। इसके बावजूद बसखारी में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के शाखा प्रबंधक का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
बैंक ऑफ बड़ौदा, बसखारी शाखा के शाखा प्रबंधक मोटर साइकिल चलाते समय बिना हेलमेट पहने और मोबाइल फोन पर बात करते हुए दिखाई दिए। इतना ही नहीं, उनकी मोटरसाइकिल के आगे लगी नंबर प्लेट पर वाहन का पंजीकरण नंबर भी अंकित नहीं दिखाई दे रहा है, जिससे यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई आम व्यक्ति इस तरह बिना हेलमेट, मोबाइल पर बात करते हुए या बिना निर्धारित नंबर प्लेट के वाहन चलाता मिलता है तो पुलिस तत्काल चालान करती है। ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कानून सभी के लिए समान है या फिर जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के लिए अलग व्यवस्था है।नागरिकों ने यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के नियम हर नागरिक पर समान रूप से लागू होने चाहिए।











