(आशा भारती नेटवर्क)
अबेडकरनगर। शारदीय नवरात्रि, विजयदशमी एवं दीपावली के त्योहारों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने कमर कस ली है। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए विद्युत विभाग ने विशेष तैयारी की है। इसी क्रम में श्याम इंडस्ट्रीज, बसखारी के सहयोग से 250 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए मजबूत ट्रॉली तैयार की गई है। ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग की ओर से उपलब्ध कराया गया है।
अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव ने बताया कि विद्युत वितरण खंड आलापुर के अंतर्गत जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, न्यौरी एवं रामनगर सहित अन्य क्षेत्रों में कहीं भी बड़ा ट्रांसफार्मर जलने या खराब होने की स्थिति में ट्रॉली ट्रांसफार्मर तत्काल स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। इससे खराब ट्रांसफार्मर को बदलने में लगने वाले समय के दौरान उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी कम होगी और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विभाग पूरी तरह सक्रिय है। श्याम इंडस्ट्रीज, बसखारी के सहयोग से तैयार की गई यह ट्रॉली विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आमजन को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।











