अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) निमटनी से कौड़ाही होते हुए एनएच-233 तक जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय को सामूहिक रूप से पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। प्रधानों का कहना है कि उक्त मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा किसी अन्य उपयुक्त योजना के अंतर्गत कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में इस मार्ग के अधिकांश हिस्से पर केवल खड़ंजा बिछा है, जो समय के साथ जर्जर हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन दुश्वार हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग जलालपुर और आलापुर तहसील क्षेत्रों के साथ-साथ अम्बेडकरनगर और संतकबीरनगर संसदीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य माखनलाल निषाद, धर्मेन्द्र कुमार, मोहित निषाद, रामप्रताप यादव, वंदना, इंद्रावती, प्रमिला यादव, इंद्रकला और हृदय नारायण सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्रीय विकास के लिए इस सड़क के प्राथमिकता के आधार पर निर्माण की मांग की है।










