(आशा भारती नेटवर्क)
भीटी,अंबेडकरनगर।
भीटी थाना क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान और कारोबार धड़ल्ले से जारी है। चनहा चौराहे से लेकर रायगंज, सेनपुर, सया गांव के पास स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठा, कटेहरी के भगवान पट्टी गांव के पास सरकारी नलकूप के आगे बाग में अवैध लकड़ी अड्डों की भरमार देखी जा रही है। क्षेत्र में खुलेआम पेड़ों की कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। यहां पर बिना परमिट अवैध कटान की लकड़ियां को इकट्ठा करके दूसरे जनपदो मे मोटी रकम में भेजा जाता है। सेनपुर पावर हाउस से सया गांव जाने वाले रास्ते पर बंद पड़े ईट भट्ठे पर अभी आम और गूलर की लकड़ी अवैध कटान कर रखा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पूरे इलाके में लकड़ी का अवैध कारोबार अपने चरम पर है। जहां-तहां पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है और बिना किसी रोक-टोक के लकड़ी की ढुलाई की जा रही है।
नाम न छापने की शर्त पर एक ठेकेदार ने बताया कि इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों द्वारा कथित रूप से वन विभाग, डायल 112 और स्थानीय पुलिसकर्मियों तक “हिस्सा” पहुंचाया जाता है। आरोप है कि किसी भी संभावित कार्रवाई की सूचना पहले ही मिल जाती है, जिससे कारोबारी मौके से फरार हो जाते हैं।
हैरानी की बात यह है कि मिझौड़ा, सेनपुर, रायगंज और चनहा मार्ग से होकर अधिकारी भी तहसील जाते हैं, लेकिन कभी इन अवैध अड्डों की जांच या लाइसेंस सत्यापन की जहमत नहीं उठाई जाती। वहीं, सेनपुर चौराहे जैसे व्यस्त स्थान पर भी ओवरलोड लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बेखौफ दौड़ती नजर आती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर डायल 112 और पुलिसकर्मी मौजूद रहने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले का संज्ञान लेकर अवैध कटान और लकड़ी कारोबार पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाते हैं या फिर यह खेल यूं ही जारी रहेगा।











