इस न्यूज को सुनें
|
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) दिल्ली तक की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अकबरपुर डिपो के बेड़े में राजधानी सेवा की तीन नई बस शनिवार को शामिल हुईं। यह तीनों बस अकबरपुर से मऊ व मऊ से अकबरपुर होते हुए दिल्ली जाएगी। इन बसों का किराया सामान्य बस के किराए से 10 प्रतिशत अधिक होगा। रविवार से संबंधित बसों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
यात्री सुविधाओं के लिए अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में बसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच शनिवार को तीन नई बसें बेड़े में शामिल हो गईं। इससे बसों की संख्या बढ़कर 56 हो गई। यह तीनों बसेेंं दिल्ली के लिए चलेंगी। ऐसे में दिल्ली के लिए आवागमन करने वाली बसों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
एआरएम वीएन तिवारी ने बताया कि शनिवार को जो तीन नई बसें उपलब्ध हुई हैं यह बसें अकबरपुर से पहले मऊ जाएंगी। इसके बाद यात्रियों को मऊ से लेकर अकबरपुर होते हुए दिल्ली जाएंगी। बताया कि रविवार से संबंधित बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इन बसों का किराया सामान्य बसों के किराए से 10 प्रतिशत अधिक होगा। कारण यह कि यह बसेंं सिर्फ जनपद मुख्यालय के बस स्टेशन पर ही रुकेंगी। बीच में कहीं ठहराव नहीं होगा। बताया कि सामान्य बस से अकबरपुर से दिल्ली तक का किराया 1086 रुपये है लेकिन नई बसों का किराया 1195 होगा।