जनसहभागिता से जनपद में 37 लाख वृक्ष का होगा व्यापक वृक्षारोपण
(महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ)
अंबेडकर नगर 02 जून 2026।(आशा भारती नेटवर्क)* विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून 2026 के अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद अम्बेडकरनगर में *‘एक पेड़ माँ के नाम’* थीम पर व्यापक वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु जनसामान्य की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 में 35 करोड़ पौधरोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें जनपद अम्बेडकरनगर में वन विभाग एवं अन्य विभागों को मिलाकर कुल कुल 3700530 (वन विभाग 160000 व अन्य विभागों 2100530) पौधों को रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कि विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद के समस्त विकास खण्डों, नगर निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदी एवं नहरों के किनारे वृक्ष लगाए जाएं। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों तथा फलदार वृक्षों के रोपण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि समस्त कार्यक्रम प्लास्टिक उपयोग से पूर्णतः मुक्त रखे जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृत्व, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक अभिनव प्रयास है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले सकता है।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, खण्ड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया है कि वृक्षारोपण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए प्रभावी कार्ययोजना भी तैयार की जाए।
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम *“प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए – हमारे भविष्य के लिए”* के अनुरूप जनपद में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां, पर्यावरण शपथ, रैलियां एवं स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक किया जाएगा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत समस्त कार्यवाही मेरी लाइफ पोर्टल (https://merilife.nic.in) पर अपलोड किया जाये एवं सोशल मीडिया पर हैशटैग #plant4mother #EkPedMaaKeNaam का प्रयोग किया जाय।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करें तथा उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि “हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर है। आइए, हम सभी मिलकर हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-सुरक्षित अम्बेडकरनगर के निर्माण में अपना योगदान दें।”
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में वृक्षारोपण की समस्त तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि शासन और PCCF और HoFF के निर्देशानुसार सभी विभाग और संस्थाओं को पर्यावरण दिवस मनाने और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम करने हेतु अवगत करा दिया गया है, साथ ही वन विभाग के सभी क्षेत्रीय वन अधिकारियों को भी अपने अपने रेंज के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये गयें है।











