जिलाधिकारी की पहल लाई रंग, 30 हथकरघा बुनकरों के लिए ₹27.90 लाख की प्रथम किस्त स्वीकृत
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 21 अगस्त 2026।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने बताया कि जनपद के हथकरघा बुनकरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित ‘झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना’ के अंतर्गत 30 व्यक्तिगत हथकरघा बुनकरों को प्रथम किस्त के रूप में ₹27.90 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के अंतर्गत शासन द्वारा ₹20 करोड़ की धनराशि का प्राविधान किया गया है। शासनादेश के क्रम में परिक्षेत्र-अयोध्या के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 व्यक्तिगत हथकरघा बुनकरों के पक्ष में प्रथम किस्त के रूप में कुल ₹27.90 लाख (सत्ताईस लाख नब्बे हजार रुपये) की धनराशि आहरण एवं वितरण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य पात्र हथकरघा बुनकरों को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके कार्य को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाना है, जिससे बुनकरों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ उनकी आय में भी बढ़ोतरी हो सके। शासन द्वारा स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार योजना का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद बुनकरों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए तथा लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में हथकरघा एवं पारंपरिक कारीगरी से जुड़े बुनकरों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।











