
जिलाधिकारी के निर्देश पर शेष कार्यों में लाई गई तेजी, मार्च 2027 तक परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य
67 प्रतिशत कार्य पूर्ण, 673.76 मीटर लंबे आरओबी से रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगी स्थायी राहत
सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था के साथ क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
अंबेडकर नगर 03 सितम्बर 2026।(आशा भारती नेटवर्क)
जनपदवासियों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनटीपीसी–टांडा के मध्य रेलवे सम्पार संख्या 13बी पर 2-लेन उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। उप परियोजना प्रबंधक कमलेश त्रिपाठी ने बताया कि आरओबी का लगभग 67 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए कार्य की गति बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि मार्च 2027 तक उपरिगामी सेतु का संपूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनसामान्य के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि उपरिगामी सेतु की कुल लंबाई 673.76 मीटर है तथा परियोजना की स्वीकृत लागत 5,630.56 लाख रुपये (लगभग 56.31 करोड़ रुपये) है। 2-लेन रेल उपरिगामी सेतु के वायाडक्ट भाग के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर एवं सुपर-स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। रेलवे पोर्शन के फाउंडेशन हेतु पाइल का कार्य भी पूर्ण हो गया है तथा शेष निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि आरओबी के दोनों ओर सर्विस रोड एवं आर.ई. वॉल के निर्माण कार्य को भी तीव्र गति से कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान आमजन को आवागमन में न्यूनतम असुविधा हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया द्वारा संबंधित कार्यदायी संस्था सेतु निगम बस्ती को प्राथमिकता के आधार पर शासन की मंशा के अनुरूप परियोजना को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं जनोपयोगी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कार्य की गति एवं निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयावधि में आरओबी को पूर्ण कर जनसामान्य के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत
एनटीपीसी–टांडा के मध्य इस महत्वपूर्ण उपरिगामी सेतु के निर्माण से रेलवे सम्पार पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान बार-बार लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। आरओबी के निर्माण के बाद वाहनों एवं राहगीरों को रेलवे फाटक पर अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे यात्रा समय की बचत के साथ आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और निर्बाध हो सकेगा।
टांडा एवं आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ बस्ती आदि से अयोध्या जाने वाले तथा अयोध्या, इल्तिफ़तगंज आदि क्षेत्रों से टांडा, बस्ती एवं आजमगढ़ की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं दैनिक यात्रियों के लिए यह परियोजना विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।
*शासन की मंशा के अनुरूप बुनियादी ढांचे को मिल रही गति*
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित यातायात, मजबूत अवस्थापना एवं जनसामान्य को समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप एनटीपीसी–टांडा आरओबी परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा की जा रही है। परियोजना पूर्ण होने से एनटीपीसी, टांडा, अयोध्या तथा आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।
*आवागमन सुगम होने से आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन*
आरओबी के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात बाधित होने की समस्या समाप्त होने के साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी और परिवहन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। निर्बाध आवागमन से व्यापार, रोजगार एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद एनटीपीसी–टांडा मार्ग पर यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित होगी तथा क्षेत्रवासियों को दीर्घकालिक एवं महत्वपूर्ण जनसुविधा प्राप्त होगी।










