
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी प्रक्रिया
अंबेडकरनगर 29 सितम्बर 2026।(आशा भारती नेटवर्क)
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में प्रयुक्त की जाने वाली EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) की प्रक्रिया आज 29 सितम्बर 2026 से कलेक्ट्रेट स्थित वीवीपैट वेयरहाउस में प्रारंभ हो गई। FLC प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की निगरानी में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है।
FLC के दौरान निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली EVM एवं VVPAT की तकनीकी जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है। जांच में निर्धारित मानकों पर खरा उतरने वाली EVM एवं VVPAT को ही आगामी निर्वाचन में उपयोग के लिए स्वीकार किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने FLC प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप FLC की प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
FLC प्रक्रिया के अवलोकन हेतु मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को भी अवसर प्रदान किया गया है। FLC की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित Manual on Electronic Voting Machine के प्रावधानों के अनुरूप संचालित की जा रही है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, FLC सुपरवाइजर/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पुष्पेंद्र पटेल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ महेश चंद्र द्विवेदी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।










