
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर।
मतदाता सूची से नाम विलोपन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अम्बेडकर प्रतिमा के पास जुटे और चुनाव आयोग की प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए SIR पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी मतदाता का नाम सूची से हटना महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसके मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है। कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी’ बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे वास्तविक मतदाताओं के मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। पार्टी ने पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, नाम विलोपन से पहले पर्याप्त सत्यापन कराने और प्रभावित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर देने की मांग की।
*ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव की मांग*
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सड़क से संसद तक आंदोलन और चक्का जाम जैसे कदम उठाने की बात भी कही गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रखने, SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने की मांग को लेकर नारेबाजी की।


मतदाता सूची में नाम हटाने









