(आशा भारती नेटवर्क)
*अंबेडकरनगर।* महान समाज सुधारक शिक्षाविद सर सैयद अहमद खान की जयंती के अवसर बुधवार को मॉडर्न पब्लिक स्कूल न्यौरी में इंग्लिश राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेज़ी भाषा के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी लेखन क्षमता को निखारना तथा उन्हें आधुनिक शिक्षा के महत्व से परिचित कराना था।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आसिफ फारूकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सर सैयद अहमद खान एक महान शिक्षाविद्, समाज सुधारक और दूरदर्शी विचारक थे। उन्होंने ऐसे समय में आधुनिक शिक्षा का दीप जलाया, जब समाज का एक बड़ा वर्ग अंग्रेज़ी भाषा और वैज्ञानिक शिक्षा से दूर था। सर सैयद अहमद खान ने अपने अथक प्रयासों से लोगों को अंग्रेज़ी, विज्ञान और आधुनिक शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनका मानना था कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा समाज तरक्की कर सकता है और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाया जा सकता है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यदि हम सर सैयद अहमद खान के जीवन और उनके संघर्षों को देखें, तो हमें यह सीख मिलती है कि निरंतर प्रयास करते रहना, कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानना और अपने उद्देश्य के प्रति समर्पित रहना ही मेहनत और सफलता का वास्तविक रहस्य है। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी सोच और अथक परिश्रम से शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि आज हमारे सामने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) जैसा प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान मौजूद है, जो सर सैयद अहमद खान के शैक्षिक प्रयासों और दूरदर्शी विचारधारा की विरासत का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। उनके द्वारा शुरू किया गया शैक्षिक आंदोलन आगे चलकर एक बड़े संस्थान और व्यापक शैक्षिक जागरूकता का आधार बना। आज यह विश्वविद्यालय देश-विदेश के विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है और उन्हें समाज तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए तैयार कर रहा है।
उप प्रधानाचार्य अब्दुर्रहमान खान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें सर सैयद अहमद खान की विचारधारा को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। हमें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अधिक से अधिक शैक्षिक संस्थान स्थापित करने और आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। शिक्षा ही वह रोशनी है, जो अज्ञानता के अंधकार को दूर करके ज्ञान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि इंग्लिश राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की लिखावट और भाषा का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सीखने की ललक और आधुनिक शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर ने सभी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सीखने का जज़्बा ही किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता इस बात की है कि उसे सही मार्गदर्शन, उचित अवसर और प्रोत्साहन प्रदान किया जाए, ताकि वह अपनी क्षमताओं को पहचानकर जीवन में सफलता प्राप्त कर सके।
उन्होंने ने आगे कहा कि मॉडर्न पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें एक शिक्षित, संस्कारी, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। विद्यालय निरंतर ऐसे शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक हों। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, नई चीजें सीखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अंत में विद्यालय के मैनेजर ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।











