
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार- जिलाधिकारी
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास भवन, जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के पश्चात आज कलेक्ट्रेट परिसर में मॉडल प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की उपस्थिति में बालाजी प्रेरणा कैंटीन की अध्यक्ष श्रीमती सुमन सिंह द्वारा किया गया।
मॉडल प्रेरणा कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इसके अंतर्गत चार से पांच महिलाएं मिलकर कैंटीन का संचालन करेंगी तथा अपने परिश्रम एवं कौशल के माध्यम से नियमित आय अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। कैंटीन में महिलाओं द्वारा तैयार किया गया शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन तथा चाय, समोसा, ब्रेड पकौड़ा, पराठा, कॉफी, नाश्ता एवं भोजन सहित विभिन्न खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि मॉडल प्रेरणा कैंटीन की स्थापना से एक ओर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त होगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, वहीं दूसरी ओर कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न कार्यों से आने वाले आम नागरिकों को घर जैसा भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण नाश्ता उपलब्ध हो सकेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी आय में वृद्धि करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। मॉडल प्रेरणा कैंटीन इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जो महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन को सुविधाजनक खाद्य सेवाएं भी प्रदान करेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार सुरेंद्र प्रताप सिंह, जिला मिशन प्रबंधक (आजीविका) आशीष प्रताप सिंह तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


मॉडल प्रेरणा कैंटीन का कलेक्ट्रेट









