Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें – जिलाधिकारी

Author Image
Written by
Asha Bharti News

  • ग्रामीण एवं शहरी बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश
  • दीपावली पर स्थापित प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें संबंधित अधिकारी
  • छठ पूजा के दृष्टिगत घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

 

Advertisement Box

(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 04 नवम्बर 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह की उपस्थिति में आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं श्री चित्रगुप्त जयंती के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दीपावली पर्व पर स्थापित होने वाली प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु घाटों का चिन्हीकरण कराते हुए वहां साफ-सफाई एवं विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों की सफाई समय से सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराएं।

विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत पोलों एवं ढीले तारों का निरीक्षण कर उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, जिससे त्योहारों के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनी रहे तथा किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया के त्योहार पर जनपद में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजारों में साफ-सफाई के साथ ही आवश्यक सजावट की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए, जिससे त्योहारों के दौरान बाजार स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई दें।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर एवं नगरीय क्षेत्रों में स्थित मिष्ठान भंडारों पर बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जाए। बाहर से मिठाइयों की खेप आने की सूचना मिलने पर तत्काल निरीक्षण कर नमूने लिए जाएं तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 12 नवम्बर से 15 नवम्बर तक छठ पूजा का पर्व मनाया जाएगा। इसके दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर पुलिस बल की तैनाती करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को शराब की दुकानों का समय से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंदी के दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों तथा प्रतिबंधित शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि धनतेरस 6 नवंबर, दीपावली का मुख्य पर्व 08 नवंबर, गोवर्धन पूजा 09 नवंबर, भैयादूज / चित्रगुप्त जयंती 11 नवंबर तथा छठ पूजा आगामी 12 नवम्बर से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें तथा त्योहारों से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर लें, जिससे जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समस्त उप जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

आज का राशिफल

वोट करें

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अपने राहत कार्यक्रम की अगली किस्त जारी करने के लिए पाकिस्तान पर 11 नई शर्तें लगाई हैं। वैश्विक मंच पर क्या यह भारत की बड़ी जीत है?

Advertisement Box

गुरुवार, 05 नवंबर 2026

आज का सुविचार

धैर्य एक ऐसी सवारी है जो अपने सवार को कभी गिरने नहीं देती, न किसी के कदमों में और न किसी की नजरों में। कठिन समय में धैर्य ही आपका सबसे बड़ा मित्र साबित होता है।

Advertisement Box

और भी पढ़ें

✕
[news_reels]
WhatsApp