
शिक्षक पात्रता परीक्षा दोनों पालियों की शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई

अंबेडकर नगर, 02 जुलाई 2026। (आशा भारती नेटवर्क) दिनांक 02, 03 जुलाई 2026 को दो पालियों में तथा दिनांक 04 जुलाई 2026 को एक पाली में कुल 05 पालियों में जनपद के निर्धारित 12 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 परीक्षा के क्रम में आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को आयोजित दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर तथा रमाबाई राजकीय पीजी कॉलेज, अकबरपुर पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच, समयबद्ध प्रवेश तथा शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने, परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया गया तथा परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।











