
अंबेडकर नगर 11 अगस्त 2026।(आशा भारती नेटवर्क) स्वतंत्रता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 13 अगस्त 2026 को जनपद अंबेडकरनगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
यह तिरंगा यात्रा कलेक्ट्रेट से निकल कर शिव बाबा धाम तक जाएगी जिसमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। यात्रा के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ लोगों को एकता, अखंडता, राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करते हुए “हर घर तिरंगा–हर दिल तिरंगा” की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों से राष्ट्रध्वज का सम्मान करने तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को स्मरण करने का आह्वान किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर इसे सफल बनाएं और राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
कार्यक्रम की तिथि: 13 अगस्त 2026
स्थान: कलेक्ट्रेट , जनपद अम्बेडकर नगर
आयोजक : जिला प्रशासन अम्बेडकर नगर









