
खेल और खिलाड़ी विषय पर गोष्ठी, खिलाड़ियों को ट्रैक सूट देकर किया सम्मानित 
गिरजा शंकर गुप्ता
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय, कटेहरी के सभागार में ‘खेल और खिलाड़ी’ विषय पर गोष्ठी एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने मां सरस्वती और महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि कौस्तुभ सिंह ने मेजर ध्यान चंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तमाम दुश्वारियों के बावजूद मेजर ध्यान चंद ने अपनी मेहनत और टीम भावना से कार्य करते हुए हमारे देश को गोल्ड मेडल दिलाया उन्होंने कहा खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. राणा रणधीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला ओलंपिक संघ एवं हॉकी संघ के सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी, मेहनत और समर्पण है।हो सकता है आपकी एक दो बार हार हो जाय लेकिन आगे जीत का सिलसिला लंबा होगा
गोष्ठी के उपरांत विभिन्न खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हाकी संघ के कोषाध्यक्ष आशाराम वर्मा ,देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय के खेल विभाग के अध्यक्ष डा आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, प्रमोद यादव, अतिथियों का स्वागत यशवंत सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, छात्राएं, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










