
(आशा भारती नेटवर्क)
गिरजा शंकर गुप्ता/
अंबेडकर नगर। जनपद की आलापुर तहसील के अंतर्गत न्यौरी बाजार में वर्षा पूर्व नालों की सफाई न होने एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण न्यौरी चौक सहित सभी प्रमुख मार्गों सहित कई स्थानों पर लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है जिसके कारण आम जनमानस को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नालों को अतिक्रमण मुक्त एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था के संबंध में मंगलवार को स्थानीय निवासियों द्वारा उपजिलाधिकारी आलापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन सोपा गया। उप जिलाधिकारी आलापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि नाले को अतिक्रमण मुक्त एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। मेरा भी प्रयास रहेगा कि यथा शीघ्र जल निकासी की समस्या से आम जनता को छुटकारा दिलाया जाए।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है तथा रास्तों, आबादी एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो जाता है।
प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने के कारण छोटों दुकानदारों एवं व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। जल भरा होने के कारण कई कई दिनों तक व्यापारी और छोटे दुकानदारों की बिक्री प्रभावित रहती है।जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय जाने वाले छोटों बच्चों सहित ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा 2 दिन पूर्व भी जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए उपजिलाअधिकारी को अवगत कराया गया था उप जिलाअधिकारी ने नायब तहसीलदार एवं बी डी ओ को जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए निर्देशित किया था परंतु दोनों अधिकारियों द्वारा केवल स्थलीय निरीक्षण किया गया जल निकासी के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।मो यासिर, विशाल मोदनवाल, मो अफजल सहित कई अन्य ग्रामीणों द्वारा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए उप जिलाअधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन दिया गया।










